उत्तराखंड में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती, 22 सितंबर से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन डिजिटलकैलेंडर चुनें………

देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने उत्तराखंड वन विकास निगम में स्केलर (समूह ‘ग’) के 200 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। आयोग ने इस भर्ती के लिए विज्ञापन 15 सितंबर 2026 को जारी किया है।

12वीं पास अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन
स्केलर पद के लिए अभ्यर्थी का भारत में विधि द्वारा स्थापित बोर्ड/परिषद या उत्तराखंड राज्य में स्थित मान्यता प्राप्त विद्यालय से इंटरमीडिएट अथवा समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। विज्ञप्ति में शैक्षणिक योग्यता के रूप में विज्ञान अथवा अंकगणित के साथ इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को समान परिस्थितियों में वरीयता दिए जाने का उल्लेख है। इसके अलावा अभ्यर्थी के लिए उत्तराखंड राज्य में स्थित सेवायोजन कार्यालय में आवेदन की अंतिम तिथि तक पंजीकरण तथा उत्तराखंड का मूल निवास/स्थायी निवास प्रमाण-पत्र संबंधी पात्रता भी निर्धारित है।

18 से 28 वर्ष आयु सीमा
स्केलर पद के लिए आयु की गणना 1 जुलाई 2026 को आधार मानकर की जाएगी। अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष होनी चाहिए। यानी अभ्यर्थी का जन्म 1 जुलाई 2008 के बाद तथा 2 जुलाई 1998 से पहले का नहीं होना चाहिए। उत्तराखंड सरकार के नियमों के अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांगजन, पूर्व सैनिक सहित निर्धारित श्रेणियों के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट का प्रावधान है।

200 पदों पर होगी भर्ती
UKSSSC की विज्ञप्ति के अनुसार स्केलर के कुल 200 पद हैं। इन पदों का वेतनमान लेवल-02 के तहत 19,900 रुपये से 63,200 रुपये निर्धारित किया गया है। विज्ञप्ति में पदों के लिए विभिन्न आरक्षण श्रेणियों का विवरण भी दिया गया है।

पहले शारीरिक दक्षता परीक्षा, फिर लिखित परीक्षा
इस भर्ती की चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में अभ्यर्थियों की शारीरिक अर्हता एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार इस परीक्षा में सफल घोषित अभ्यर्थियों को ही लिखित प्रतियोगी परीक्षा में शामिल किया जाएगा। शारीरिक अर्हता एवं दक्षता परीक्षा की अनन्तिम शुरुआत 19 नवंबर 2026 से निर्धारित की गई है। इस परीक्षा की विस्तृत जानकारी और संबंधित कार्यक्रम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।

शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 25 किलोमीटर दौड़ अधिकतम चार घंटे में तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए 14 किलोमीटर दौड़ अधिकतम चार घंटे में पूरी करनी होगी। इसके अलावा शॉट पुट, लंबी कूद और ऊंची कूद के मानक भी निर्धारित किए गए हैं। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए शॉट पुट 5 मीटर, लंबी कूद 4 मीटर और ऊंची कूद 1.10 मीटर तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए शॉट पुट 3.50 मीटर, लंबी कूद 2 मीटर और ऊंची कूद 0.70 मीटर निर्धारित है।

लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी
शारीरिक अर्हता एवं दक्षता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ बहुविकल्पीय लिखित प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी। प्रश्न पद की शैक्षिक अर्हता से संबंधित होंगे और विस्तृत पाठ्यक्रम आयोग की वेबसाइट पर अलग से उपलब्ध कराया जाएगा। लिखित परीक्षा में अनारक्षित, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम अर्हकारी अंक भी विज्ञप्ति में निर्धारित किए गए हैं।

आवेदन शुल्क कितना होगा। 
आयोग की विज्ञप्ति के अनुसार अनारक्षित और उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये है। उत्तराखंड अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 150 रुपये निर्धारित है। अनाथ अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क शून्य रखा गया है।

आवेदन में इन तारीखों का रखें ध्यान
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 22 सितंबर 2026 से शुरू होंगे और आवेदन करने की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर 2026 है। ऑनलाइन आवेदन पत्र में संशोधन के लिए 26 से 27 अक्टूबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। शारीरिक अर्हता एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा की अनन्तिम शुरुआत 19 नवंबर 2026 से होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा कार्यक्रम और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए आयोग की वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी गई है।

ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
अभ्यर्थी सबसे पहले UKSSSC की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर जाएं। इसके बाद स्केलर पद की सीधी भर्ती से संबंधित ऑनलाइन आवेदन लिंक पर क्लिक कर पंजीकरण और व्यक्तिगत विवरण दर्ज करें। आवेदन प्रक्रिया में शैक्षिक एवं अन्य आवश्यक विवरण भरने के बाद निर्धारित दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे।

इसके बाद निर्धारित आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान कर आवेदन पत्र को अंतिम रूप से सबमिट करना होगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखने की सलाह दी है।

आयोग के अनुसार ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को अपना आधार नंबर पंजीकरण में उपयोग करना होगा। आवेदन प्रक्रिया में पंजीकरण एवं व्यक्तिगत विवरण, शैक्षिक एवं अन्य विवरण, फोटो व हस्ताक्षर अपलोड करना, भुगतान और आवेदन का प्रिंट निकालना शामिल है। आवेदन शुल्क क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के माध्यम से जमा किया जा सकता है।

आवेदन करने से पहले अभ्यर्थी UKSSSC की आधिकारिक विज्ञप्ति में दी गई शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, शारीरिक मानक, आरक्षण, प्रमाण-पत्र और अन्य पात्रता शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें। भर्ती से जुड़ी आगे की सभी सूचनाएं आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी।

UKSSSC की आधिकारिक वेबसाइट: sssc.uk.gov.in

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *