उत्तराखंड में केदारनाथ की चोटियों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड, बारिश के कारण रुद्रप्रयाग जिले में 14 सड़कें बंद………

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। केदारनाथ धाम के साथ ही गौरीकुंड और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ गया है। वहीं, जनपद में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। सोमवार सुबह भी हल्की वर्षा हुई।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से सुबह 8:12 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तहसीलों से प्राप्त वर्षा के आंकड़ों के अनुसार रुद्रप्रयाग में 10 मिमी, ऊखीमठ में 20 मिमी और जखोली में 16.50 मिमी बारिश हुई।

प्रमुख नदियों का जलस्तर फिलहाल चेतावनी स्तर से नीचे बना हुआ है। सुबह आठ बजे अलकनंदा नदी का जलस्तर 625.10 मीटर और मंदाकिनी का 624.30 मीटर दर्ज किया गया।

लगातार वर्षा के कारण जनपद में दो राज्य मार्गों समेत कुल 14 सड़क मार्ग अवरुद्ध हैं। इनमें लोक निर्माण विभाग के चार और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के आठ मार्ग शामिल हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात सामान्य बना हुआ है। प्रशासन ने संबंधित विभागों को किसी भी आपदा या दुर्घटना से निपटने के लिए सतर्क रहने और तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *