उत्तराखंड में निर्माण सामग्री की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए खनन विभाग ने ‘यूके मिनरल मार्ट पोर्टल’ तैयार किया है……..

देहरादून: उत्तराखंड में निर्माण सामग्री की बढ़ती कीमतों के बीच सरकार अब आमजन को इनकी खरीद का सस्ता विकल्प उपलब्ध कराने जा रही है। इसके लिए आनलाइन खनिज और निर्माण सामग्री की खरीद को अधिक पारदर्शी व सुगम बनाने के लिए यूके मिनरल मार्ट पोर्टल शुरू होने जा रहा है।

मुख्यमंत्री की घोषणा के क्रम में तैयार किए गए इस आनलाइन मार्ट को सात सितंबर को आमजन के लिए समर्पित कर दिया जाएगा। आमजन भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग के खनिज मित्र वेबसाइट के जरिये इस पोर्टल तक पहुंच कर घर बैठे उच्च गुणवत्ता की निर्माण सामग्री आनलाइन प्राप्त कर सकेंगे।

लगातार बढ़ रही खनन सामग्री की कीमतें
प्रदेश में खनन सामग्री की कीमतें बीते वर्षों में लगातार बढ़ रही है। ऐसे में एक अदद घर बनाने के लिए आमजन की जेब पर काफी बोझ पड़ता है। साथ ही कई बार उन्हें सही निर्माण सामग्री भी नहीं मिल पाती। आमजन की इस परेशानी को दूर करने के लिए भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग ने खनिज प्रबंधन के लिए एक अहम कदम उठाया है। इसके लिए यूके मिनरल मार्ट बनाने की दिशा में कार्य शुरू किया गया।

यूके मिनरल मार्ट को खनिज प्रबंधन व्यवस्था में तकनीक के इस्तेमाल की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। पोर्टल के माध्यम से निर्माण सामग्री की उपलब्धता और खरीद प्रक्रिया को आनलाइन किए जाने से आमजन को सुविधा मिलने के साथ ही व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है। निदेशक खनन राजपाल लेघा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में यह कदम उठाया जा रहा है।

ऐसे कर सकेंगे मार्ट से खरीद
इसके लिए आमजन को खनन मित्र की वेबसाइट जाना होगा।
जहां से वह यूके मिनरल मार्ट पोर्टल खोल सकेंगे।
इसमें उन्हें जिला व तहसीलवार क्रेशर व स्टाकिस्ट के यहां मिलने वाली निर्माण सामग्री की कीमतों सहित पूरी जानकारी मिल सकेगी।

इनमें स्टाकिस्ट व क्रेशर संचालकों के मोबाइल नंबर भी दर्ज होंगे।
आमजन अपनी सुविधानुसार इनसे सीधे बात कर अपने पसंद की निर्माण सामग्री की खरीद व इसके परिवहन के संबंध में पारदर्शी तरीके से संवाद कर सकेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *