उत्तराखंड में 15 सितंबर को सुबह 11 बजे शपथ लेंगे नए राज्यपाल , 14 सितंबर को पहुचेंगे देहरादून…….

देहरादून : उत्तराखंड के नए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) गुरुमीत सिंह बुधवार 15 सितंबर को सुबह 11 बजे शपथ लेंगे। सिंह ने राज्यपाल बनाए जाने को ईश्वर का वरदान बताते हुए कहा कि वो खुद वीरभूमि आने के लिए बेहद उत्साहित हैं। उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल गुरुमीत सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में हर परिवार का फौज से संबंध है, इस कारण भी उत्तराखंड के लिए उनके दिल में विशेष जगह है।

बतौर कर्नल बनबसा में बताए दो सालों को याद करते हुए सिंह ने कहा कि उत्तराखंड के लोग बेहद मेहनती और सरल स्वभाव के हैं। उनका सौभाग्य है कि उन्हें उत्तराखंड में सेवा का अवसर मिल रहा है। राज्य को लेकर प्राथमिकताएं और सीमांत राज्य की सुरक्षा चिंता के सवाल पर उन्होंने कहा कि वो शपथ ग्रहण के बाद ही इस पर कोई टिप्पणी कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह 15 सितंबर को सुबह 11 बजे राजभवन में होगा, वो एक दिन पूर्व ही देहरादून पहुंच जाएंगे

मौर्य को औपचारिक विदाई
इधर, शनिवार को निवर्तमान राज्यपाल बेबीरानी मौर्य को राजभवन स्टॉफ ने औपचारिक विदाई दी। शाम को फिर सीएम आवास में उनके सम्मान में डिनर का आयोजन किया गया। हालांकि अभी वो नए राज्यपाल के देहरादून आने तक राजभवन में बनी रहेंगी। संवैधानिक रूप से राज्यपाल का पद खाली रहना संभव नहीं है, इसलिए वो नए राज्यपाल के आगमन पर ही देहरादून से रवाना होंगी। इधर, ‘हिन्दुस्तान’ से विशेष बातचीत में उन्होंने उत्तराखंड में बिताए तीन सालों को अविस्मरणीय बताते हुए कहा उन्होंने हमेशा राज्य की महिलाओं को आर्थिक- सामाजिक रूप से मजबूत बनाने की पैरवी की, यह प्रयास आगे भी जारी रहने चाहिए। नई भूमिका के सवाल पर उन्होंने कुछ दिन इंतजार करने को कहा।

खुले मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह

नए राज्यपाल का शपथ ग्रहण समारोह राजभवन के खुले मैदान में होने की उम्मीद है। दरअसल राजभवन सचिवाालय ने आयोजन में कम से कम ढाई सौ लोगों के शामिल होने की संभावना जताई है। इसमें नए राज्यपाल के अतिथि, राज्य कैबिनेट, न्यायिक सेवा के अधिकारी, सांसद – विधायकों को निमंत्रण भेजा जा रहा है। इसलिए आयोजन ऑडिटोरियम में संभव नहीं है। हालांकि इस पर अंतिम निर्णय नए राज्यपाल से पूछकर ही होगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *