आइये आज सर्दियों में हरी सेम से बनाएं टेस्टी चीला, जानें आसान रेसिपी……..
देहरादून: सर्दियों में मिलने वाली सब्जियों से बनाना है कुछ नया तो इस आर्टिकल की मदद से बनाएं सेम का चीला।
सर्दियों के दिन में बाजार में हरे सेम आने लगते हैं। इससे हम घर में सब्जी या चोखा बनाकर जरूर खाते हैं। ये चीला नाश्ते या हल्के खाने के लिए बहुत बेस्ट ऑप्शन है। इसे बनाने में आपको ज्यादा मेहनत की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। तो आइए जानते हैं इस आर्टिकल के माध्यम से सेम का चीला बनाने की रेसिपी।
सेम का चीला बनाने के लिए क्या सामग्री चाहिए-
हरी सेम – 1 कप (बारीक कटी हुई या उबली हुई)
बेसन – 1 कप
प्याज – 1 (बारीक कटा हुआ)
हरी मिर्च – 1 (बारीक कटी हुई)
अदरक – 1 छोटा टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
हल्दी पाउडर – आधा छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – आधा छोटी चम्मच
धनिया पाउडर – आधा छोटी चम्मच
अजवाइन – आधा छोटी चम्मच
नमक – स्वादानुसार
पानी – जरूरत अनुसार
तेल – सेंकने के लिए
हरा धनिया – आधा चम्मच (बारीक कटा)
सेम का चीला बनाने की विधि क्या है-
सबसे पहले आप सेम को धोकर छोटे टुकड़े में काट लें। अब आप इसे एक कुकर में डालकर हल्का पानी में पका लें। इसे निकालकर अलग रख दें।
अब आप एक बर्तन में बेसन, पका हुआ सेम, प्याज, नमक, हरी मिर्च, अदरक और सारे मसाले डालें।
इसके बाद आप थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार कर लें। इसके बाद अब आप इसमें हरा धनिया मिलाएं।
गैस में तवा गर्म करें, तवे में हल्का तेल लगाकर एक चम्मच की मदद से चीला का घोल गोल आकार में करके फैलाएं।
इसके बाद आप इसे दोनों तरफ से सुनहरा होने तक पकाएं। इसे एक प्लेट में निकालकर चटनी या दही के साथ सर्व करें।
