आइये जानते है सुबह के वक्त 15 मिनट में बनने वाला हेल्दी नाश्ता, ट्राई करें सूजी कॉर्न अप्पे…….

देहरादून: सुबह के वक्त कम समय में झटपट सूजी कॉर्न अप्पे ट्राई कर सकते हैं। यहां सूजी-कॉर्न अप्पे की आसान रेसिपी दी गई है, जिसकी मदद से आप कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट नाश्ता तैयार कर सकते हैं।

दिन की अच्छी शुरुआत के लिए हेल्दी नाश्ता करना बेहद जरूरी होता है। सुबह का पौष्टिक नाश्ता शरीर को ऊर्जा देता है और पूरे दिन एक्टिव बनाए रखने में मदद करता है। अगर नाश्ता पोषक तत्वों से भरपूर हो, तो शरीर को जरूरी विटामिन और मिनरल भी मिलते हैं। लेकिन कई बार समय की कमी के कारण या तो नाश्ता छोड़ देते हैं या फिर कुछ ऐसा खा लेते हैं जो हेल्दी नहीं होता। ऐसे में आप कम समय में बनने वाला सूजी कॉर्न अप्पे ट्राई कर सकते हैं। यह न सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि हल्का, पौष्टिक और बनाने में बेहद आसान भी है।

इसे तैयार करने में ज्यादा समय नहीं लगता है और सुबह के लिए यह एक परफेक्ट क्विक ब्रेकफास्ट विकल्प साबित हो सकता है। यहां सूजी-कॉर्न अप्पे की आसान रेसिपी दी गई है, जिसकी मदद से आप कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट और हेल्दी नाश्ता तैयार कर सकते हैं।

सूजी कॉर्न अप्पे के लिए सामग्री-

1 कप सूजी
1 कप स्वीट कॉर्न (उबले हुए या फ्रोजन)
आधा कप दही
1 मध्यम आकार का प्याज (बारीक कटा हुआ)
आधी शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई)
2-3 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
आधा इंच अदरक (कद्दूकस किया हुआ)
नमक स्वादानुसार
आधा छोटा चम्मच ईनो या चुटकी भर बेकिंग सोडा
2-3 बड़े चम्मच हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
अप्पे बनाने के लिए थोड़ा सा तेल
अगर आप चाहें तो इसमें कद्दूकस की हुई गाजर या उबले मटर भी डाल सकते हैं।

सूजी कॉर्न अप्पे बनाने की विधि-
सबसे पहले एक बड़े बाउल में सूजी और दही डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा बैटर तैयार करें। बैटर को 5-10 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छे से फूल जाए।

इसके बाद तैयार बैटर में उबले हुए कॉर्न, बारीक कटा प्याज, शिमला मिर्च, हरी मिर्च और कद्दूकस किया हुआ अदरक डालें। ऊपर से नमक और हरा धनिया डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें।

अब अप्पे बनाने से ठीक पहले बैटर में ईनो डालें और 1-2 चम्मच पानी मिलाकर हल्के हाथ से जल्दी-जल्दी मिक्स करें। इससे बैटर हल्का और फूला हुआ हो जाता है और अप्पे सॉफ्ट व स्पंजी बनते हैं।

अब अप्पे पैन को गैस पर मध्यम आंच पर गर्म करें और हर खाने में थोड़ा सा तेल डाल दें। चम्मच की मदद से बैटर को पैन के सांचों में भरें और ढककर 2-3 मिनट तक पकने दें।

जब नीचे की तरफ से अप्पे हल्के सुनहरे हो जाएं, तो उन्हें पलट दें। दूसरी तरफ से भी 2-3 मिनट तक पकाएं, जब तक अप्पे दोनों तरफ से गोल्डन और हल्के क्रिस्पी न हो जाएं।

तैयार सूजी कॉर्न अप्पे को प्लेट में निकालकर इसे नारियल की चटनी या हरी चटनी के साथ गरमा-गरम सर्व कर सकते हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *