आइये आज जानते है सुबह के नाश्ते के लिए बेस्ट है लौकी की यह हेल्दी रेसिपी, सेहत के लिए है फायदेमंद…….
देहरादून: सुबह के नाश्ते में अगर आप हल्का, पौष्टिक और जल्दी बनने वाला विकल्प ढूंढ रहे हैं, तो लौकी का चीला ट्राई कर सकते हैं। फाइबर और प्रोटीन से भरपूर यह रेसिपी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होती है।
सुबह का नाश्ता दिनभर की ऊर्जा के लिए बेहद जरूरी होता है। अक्सर लोग सुबह का नाश्ता स्किप कर देते हैं। ऐसे में अगर आप भी हल्के, पौष्टिक और जल्दी बनने वाले विकल्प की तलाश में हैं, तो घर पर आसानी से लौकी का चीला तैयार कर सकते हैं।
सुबह के नाश्ते के लिए लौकी का चीला एक परफेक्ट ऑप्शन है। दरअसल, इसमें फाइबर सहित कई तरह के जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पाचन को बेहतर रखने में मदद करते हैं।
लौकी का चीला बनाने की सामग्री-
1 कप कद्दूकस की हुई लौकी
आधा कप बेसन
दो बारीक कटी हरी मिर्च
1 छोटा टुकड़ा कद्दूकस किया हुआ अदरक
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हुआ हरा धनिया
हल्दी पाउडर
लाल मिर्च पाउडर
नमक
पानी
तेल
घर पर कैसे बनाएं लौकी का चीला
लौकी का चीला तैयार करने के लिए सबसे पहले लौकी को धोकर छील लें और कद्दूकस कर इसे हल्का निचोड़ लें। हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि इसका पानी पूरी तरह न निकालें।
अब एक बड़े बाउल में बेसन डालें और उसमें कद्दूकस की हुई लौकी, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, हल्दी, लाल मिर्च और नमक मिलाएं। अगर जरूरत पड़े, तो इसमें थोड़ा पानी भी डाल सकते हैं।
अब इन सभी को मिलाकर एक गाढ़ा घोल तैयार करें।
अब तवा गर्म करें। इस दौरान आंच मीडियम रखें। तवे पर हल्का तेल डालें। इसके बाद एक करछी घोल डालकर उसे गोल आकार में फैलाएं। ऊपर से थोड़ा सा तेल डालें और धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें।

