आइये जानते है गोभी से भी ज्यादा टेस्टी होता है पत्तागोभी का पराठा, नोट करें ये चटपटी हेल्दी रेसिपी……..
देहरादून: इस पराठें का स्वाद एक बार चखने वाला इसका जायका लंबे समय तक याद रखता है। आप पत्तागोभी के पराठे को दही, हरी चटनी या सॉस के साथ भी सर्व कर सकते हैं।
सर्दियों का मौसम शुरू होते ही कई तरह की सब्जियों से बने पराठों की डिमांड भी घर के सदस्यों के बीच बढ़ जाती है। हल्की ठंड के बीच गरमा-गरम आलू, गोभी, प्याज, गाजर और मूली के पराठे खाने का स्वाद बढ़ा देते हैं। अगर आप हर साल इन सब्जियों से बने पराठे खाकर बोर हो चुके हैं और अब कुछ नया और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं तो झटपट बनाकर खाएं पत्तागोभी का पराठा।
जी हां, पत्तागोभी की सिर्फ सब्जी ही नहीं बल्कि पराठा भी बहुत टेस्टी बनकर तैयार होता है। इसका स्वाद एक बार चखने वाला इसका जायका लंबे समय तक याद रखता है। आप पत्तागोभी के पराठे को दही, हरी चटनी या सॉस के साथ भी सर्व कर सकते हैं। तो आइए बिना देर किए जान लेते हैं कैसे बनाए जाते हैं गर्मा-गर्म पत्तागोभी के टेस्टी पराठे।
पत्तागोभी पराठा बनाने के लिए सामग्री-
-300 ग्राम पत्तागोभी
-2 कप गेहूं का आटा
-5 बड़े चम्मच तेल
-5 बड़े चम्मच हरा धनिया
-3 हरी मिर्च
-½ छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट
-¼ छोटा चम्मच जीरा
-½ छोटा चम्मच धनिया पाउडर
-¼ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
-नमक स्वादानुसार
पत्तागोभी पराठा बनाने का तरीका
पत्तागोभी पराठा बनाने के लिए सबसे पहले गेंहू का आटा गूंथ लें। इसके लिए एक बर्तन में आटा, थोड़ा सा नमक, दो छोटी चम्मच तेल डालकर मिक्स करें। अब आटे में थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर आटा को गूंथ लें। इस बात का ध्यान रखें कि आटा ना तो बहुत ज्यादा सख्त और ना ही बहुत ज्यादा गीला होना चाहिए। आटे को 10 मिनट के लिए ढककर अलग रख दें।
इसके बाद पराठों को बनाने के लिए भरावन तैयार कर लें। इसके लिए पत्ता गोभी को पानी से साफ करके ऊपर के दो-तीन लेयर पत्ते हटा दें। अब एक बर्तन में गुनगुना पानी लेकर उसमें थोड़ा सा नमक डाल दें। अब इस पानी में पत्तागोभी डालकर 5-10 मिनट के लिए छोड़ दें। अब इस पानी को फेंककर एक बार फिर पत्ता गोभी को ठंडे पानी से धो लें। इसके बाद गोभी को अच्छी तरह से सूखने दें, ताकि उसका पानी सूख जाए। पत्ता गोभी से पानी सूखने के बाद उसे बारीक काटकर अलग रख लें। अब पैन में 2 छोटे चम्मच तेल डालकर गर्म कर लें।
अब तेल में जीरा, अदरक का पेस्ट, कटी हुई हरी मिर्च, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और आखिर में कटी हुई पत्तागोभी और नमक डालकर भूनें। इसके बाद पैन में बारीक कटी धनिया पत्ती डालकर 2 मिनट तक और भूनें। आपका पराठों के लिए भरावन का मसाला बनकर तैयार है। अब गूंथे हुए आटे की मीडियम साइज की लोई लेकर रोटी की तरह बेल लें। अब इसमें पत्तागोभी से तैयार भरावन मसासा डालकर फैला दें।
इसके बाद रोटी को मोड़ते हुए हल्का सा आटा लगा कर बेलें। पराठा हमेशा हल्के हाथ से ही बेलें। वरना पराठे का भरावन फटकर बाहर आ सकता है। आप गर्म तवे पर पराठा डालकर दोनों तरफ से घी लगाकर क्रिस्पी ब्राउन होने तक सेकें। आपका टेस्टी और क्रिस्पी गरमा गर्म पत्तागोभी का टेस्टी हेल्दी पराठा बनकर तैयार है। आप इसे हरी चटनी, दही या सॉस के साथ सर्व कर सकते हैं।

