अगर आप रोज-रोज ब्रेड से बोर हो गए है तो ट्राय करें गेहूं आटे का ये चीला, जो सेहत और स्वाद दोनों में है नंबर-1, जानिए रेसिपी……..

देहरादून: गेहूं आटे का चीला एक आसान, टेस्टी और हल्का नाश्ता है जिसमें सब्जियां और दही मिलाकर स्वाद बढ़ाया जाता है। कम तेल में तैयार होने वाला ये चीला बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको पसंद आता है और टिफिन के लिए भी बढ़िया रहता है।

सुबह-सुबह सबसे बड़ा सवाल यही होता है-नाश्ते में ऐसा क्या बनाएं जो जल्दी भी तैयार हो जाए और पेट भी भरे, ऊपर से घर के हर सदस्य को पसंद आए। बच्चे हों तो टिफिन की टेंशन अलग, बड़े हों तो सेहत का ख्याल अलग। ऐसे में बार-बार वही ब्रेड या पराठा बनाना बोरिंग लगने लगता है, अगर आप भी कुछ आसान, टेस्टी और हल्का ढूंढ रहे हैं तो गेहूं के आटे का चीला आपके लिए बढ़िया ऑप्शन है. आम तौर पर चीला बोलते ही बेसन याद आता है, लेकिन गेहूं आटे से बना चीला भी उतना ही स्वादिष्ट होता है, बस लोग इसे कम ट्राई करते हैं।

गेहूं के आटे का चीला कैसे बनाएं-
इसमें ताजी सब्जियां, दही और हल्के मसाले मिलते हैं, जिससे ये पेट पर भारी नहीं लगता और काफी देर तक भूख भी नहीं लगती. खास बात ये है कि इसे बनाने में झंझट कम है और सामग्री भी ज्यादातर घर में मौजूद रहती है. एक बार ये चीला बना लिया तो बच्चों के टिफिन से लेकर वीकेंड ब्रंच तक, हर जगह काम आएगा।

क्यों खास है गेहूं आटे का चीला
गेहूं का आटा फाइबर से भरपूर होता है, जिससे पेट साफ रहने में मदद मिलती है. जब इसमें गाजर, प्याज, टमाटर और शिमला मिर्च जैसी सब्जियां मिल जाती हैं, तो इसका स्वाद भी बढ़ता है और खाना ज्यादा बैलेंस लगता है. दही मिलाने से घोल सॉफ्ट बनता है, जिससे चीला अंदर से नरम और बाहर से हल्का कुरकुरा बनता है. जो लोग तला-भुना कम खाना चाहते हैं, उनके लिए भी ये अच्छा ऑप्शन है क्योंकि इसमें तेल बहुत कम लगता है।

सामग्री (2–3 लोगों के लिए)-
-गेहूं का आटा-2 कटोरी
-ताजा दही-1 कटोरी
-पानी-जरूरत के हिसाब से
-बारीक कटी प्याज-1
-टमाटर-1 छोटा
-गाजर-1 छोटा
-शिमला मिर्च-थोड़ा सा
-हरी मिर्च-1
-कद्दूकस अदरक-आधा छोटा चम्मच
-जीरा-आधा छोटा चम्मच
-धनिया पाउडर-आधा छोटा चम्मच
-हल्दी-चुटकी
-लाल मिर्च पाउडर-थोड़ा सा
-नमक-स्वाद के हिसाब से
-हरा धनिया-कटा हुआ
-तेल-सेंकने के लिए

घोल तैयार करने का तरीका-
एक बड़े बाउल में गेहूं का आटा लें। इसमें दही डालकर मिलाएं। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए फेंटें ताकि गुठलियां न रहें। घोल न ज्यादा पतला हो, न ज्यादा गाढ़ा-डोसा बैटर से थोड़ा गाढ़ा रखें। अब सारी कटी सब्जियां डालें. इसके बाद अदरक, हरी मिर्च, जीरा, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक मिलाएं। आखिर में हरा धनिया डालकर सब अच्छे से मिक्स कर लें।

चीला बनाने का तरीका-
तवा गरम करें और उस पर हल्का तेल लगाएं। एक करछी घोल डालकर गोल घुमाते हुए फैलाएं। आंच मीडियम रखें। जब नीचे की तरफ हल्का ब्राउन दिखने लगे तो ऊपर थोड़ा तेल डालकर पलट दें। दूसरी तरफ भी सेकें जब तक चीला सुनहरा और हल्का कुरकुरा न हो जाए। इसी तरह बाकी चीले बनाएं।

काम की टिप्स-
-घोल ज्यादा गाढ़ा होगा तो चीला मोटा बनेगा।
-तवा बहुत तेज गरम होगा तो चीला जल सकता है।
-बच्चों के लिए बना रहे हैं तो मिर्च कम रखें।
-चाहें तो पालक या कद्दूकस लौकी भी मिला सकते हैं।

कैसे सर्व करें
इसे हरी चटनी, टमाटर सॉस या सादा दही के साथ खाएं। सुबह के नाश्ते, शाम के हल्के खाने या टिफिन-हर जगह फिट बैठता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *