अगर आपका कुछ क्रिस्पी और हेल्दी खाने का है मन, तो ऐसे बनाएं कुरकुरे लौकी के पकौड़े…….

देहरादून: शाम को जब हल्की भूख लगती है तो कुछ ऐसा खाने का मन करता है जो स्वादिष्ट होने के साथ ही हेल्दी भी हो। ऐसे में आप कम समय में लौकी के पकौड़े बना सकते हैं। यहां पर इसे बनाने की आसान विधि साझा की गई है।

कई बार शाम के समय जब हल्की भूख लगती है तो कुछ ऐसा खाने का मन करता है जो स्वादिष्ट होने के साथ ही हेल्दी भी हो। ऐसे में अक्सर लोग बिस्कुट, नमकीन या चिप्स का सेवन करते हैं। लेकिन ये सारी चीजें सेहत के लिए ज्यादा बेहतर नहीं होती हैं। अगर आप स्वाद के साथ हेल्दी स्नैक चाहते हैं, तो चाय के साथ लौकी के पकौड़े बना सकते हैं। पोषक तत्वों से भरपूर लौकी से बने ये पकौड़े बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम होते हैं, जो स्वाद को और भी खास बना देते हैं। यहां पर लौकी के पकौड़े बनाने की आसान विधि साझा की गई है, जिसे आप कम समय में तैयार कर सकते हैं।

कुरकुरे लौकी के पकौड़े बनाने की सामग्री-
1 मध्यम आकार की लौकी (कद्दूकस की हुई या स्लाइस)
1 कप बेसन
2 बड़े चम्मच चावल का आटा या सूजी
1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
1-2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
1/4 चम्मच हल्दी पाउडर
आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा चम्मच धनिया पाउडर
आधा चम्मच जीरा
आधा चम्मच सौंफ
2 बड़े चम्मच हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
नमक स्वादानुसार
तलने के लिए तेल

कुरकुरे लौकी के पकौड़े बनाने की आसान विधि
1- कटी हुई लौकी को हल्के नमक वाले पानी में 5 मिनट के लिए भिगे दें। इसके बाद पानी से छानकर 2 मिनट के लिए अलग रख दें, ताकि अतिरिक्त पानी सूख जाए।

2- इसके साथ ही एक बड़े बाउल में बेसन और चावल का आटा या फिर सूजी डालें।

3- इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, जीरा, सौंफ और नमक डालकर अच्छे से मिला लें।

4- अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा और स्मूद बैटर तैयार करें। बैटर इतना गाढ़ा होना चाहिए की लौकी के स्लाइस अच्छी तरह चिपक जाएं।

5- इसके बाद बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालकर बैटर को एक बार फिर अच्छी तरह मिला लें।

6- अब एक कड़ाही में तेल डालकर मध्यम आंच पर गरम करें। लौकी के स्लाइस को बेसन के बैटर में डुबोकर अच्छी तरह कोट करें और सावधानी से गरम तेल में डालें।

7- पकौड़ों को अंदर तक अच्छे से पकाने के लिए गैस की आंच मध्यम रखें। पकौड़ों को पलटते हुए गोल्डन ब्राउन और कुरकुरा होने तक तलें।

8- अब पकौड़ों को किचन टिश्यू या पेपर टॉवल में निकाल लें, इससे अतिरिक्त तेल निकल जाता है। गरमा-गरम लौकी के कुरकुरे पकौड़े तैयार हैं। अब इसे आप चाय के साथ सर्व कर सकते हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *